मथुरा। जनपद मथुरा के हाईवे थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पुलिस ने डकैती की योजना बना रहे कथित चोर गिरोह को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की कार्रवाई में दो बदमाश गोली लगने से घायल हुए, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। जानकारी के मुताबिक, राधापुरम चौकी पुलिस को शुक्रवार रात मुखबिर से सूचना मिली कि रोडवेज बस अड्डे के पास कुछ बदमाश छिपकर डकैती की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही हाईवे थाना प्रभारी और राधापुरम चौकी प्रभारी प्रवास शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और इलाके की घेराबंदी कर बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, खुद को घिरा देखकर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें नीरज गौतम और सौरभ घायल हो गए। वहीं पुलिस टीम ने सचिन, अजीत, गोपाल, अनुराग समेत अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन 315 बोर के देसी तमंचे, एक 303 बोर का तमंचा, आठ जिंदा कारतूस, दो खोखे, सरिया, पाइप और लोहे के एंगल बरामद किए हैं। घायल आरोपियों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।






