कानपुर नगर। रेउना थाना क्षेत्र में चोरों ने पुलिस की गश्त व्यवस्था को चुनौती देते हुए श्रीनगर स्थित अंग्रेजी और देशी शराब के ठेकों को निशाना बना लिया। चोर दीवार काटकर दोनों दुकानों के अंदर दाखिल हुए और लाखों रुपये की शराब व नकदी पार कर दी। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के मुताबिक, चोरों ने पहले अंग्रेजी शराब के ठेके की दीवार काटकर दुकान के अंदर प्रवेश किया। यहां से करीब छह पेटी शराब और लगभग 15 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली। इसके बाद चोरों ने पास स्थित देशी शराब के ठेके को भी निशाना बनाया और दीवार काटकर अंदर घुस गए। यहां से करीब पांच पेटी शराब और 65 हजार रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए।
सुबह ठेका संचालकों को घटना की जानकारी हुई तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ ही चोरों की तलाश में जुटी है।
पुलिस गश्त पर उठे सवाल
एक ही रात में शराब के दो ठेकों को निशाना बनाकर चोरी की घटना सामने आने के बाद रेउना थाना पुलिस की गश्त व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात में पुलिस गश्त का दावा किया जाता है, लेकिन चोर बेखौफ होकर दुकानों की दीवार काटकर चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
क्षेत्र में लगातार पुलिस की कार्यशैली को लेकर सवाल उठने के बावजूद अधिकारियों की ओर से प्रभावी कार्रवाई न होने को लेकर भी लोगों में नाराजगी है। अब देखना होगा कि पुलिस इस वारदात का खुलासा कर चोरों को कब तक गिरफ्तार करती है।






