कानपुर देहात। साइबर ठगी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शिवली पुलिस की साइबर हेल्प डेस्क ने सराहनीय कार्रवाई करते हुए साइबर धोखाधड़ी के शिकार युवक की पूरी ₹97,500 की धनराशि वापस करा दी। पुलिस की कार्रवाई से पीड़ित ने राहत की सांस लेते हुए शिवली पुलिस का आभार जताया।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम मरहमताबाद निवासी सूरज कुमार पुत्र रमेश कुमार के मोबाइल फोन से उसके दोस्त ने कथित रूप से छलपूर्वक फोन-पे के माध्यम से ₹97,500 दूसरे खाते में ट्रांसफर कर दिए थे। मामले की जानकारी होने पर पीड़ित ने तत्काल एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने के साथ ही थाना शिवली में लिखित तहरीर दी।
शिकायत के आधार पर थाना शिवली में मु0अ0सं0 240/2026, धारा 66(डी) आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद थाना शिवली की साइबर हेल्प डेस्क ने कार्रवाई करते हुए बैंकिंग प्रक्रिया और तकनीकी माध्यमों से प्रयास कर 23 अक्टूबर 2026 को पीड़ित के खाते में पूरी ₹97,500 की धनराशि वापस करा दी।
साइबर हेल्प डेस्क की टीम रही शामिल
धनराशि वापस कराने वाली पुलिस टीम में निरीक्षक अमरेन्द्र बहादुर सिंह, उपनिरीक्षक अजय कुमार, कंप्यूटर ऑपरेटर अतुल कुमार तथा महिला कांस्टेबल 1261 प्रीति सोनकर शामिल रहीं।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन ठगी होने पर घबराएं नहीं और तुरंत 1930 पर कॉल करें तथा साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। जितनी जल्दी शिकायत की जाएगी, ठगी की रकम को रोकने या वापस कराने की संभावना उतनी ही बेहतर रहती है।






