पुलिस-राजस्व विभाग की संयुक्त छापेमारी से मचा हड़कंप, दुकानदार मौके से फरार
मूसानगर। दीपावली के त्योहार को देखते हुए अवैध आतिशबाजी के भंडारण और बिक्री के खिलाफ पुलिस एवं प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। भोगनीपुर थाना क्षेत्र की देवीपुर पुलिस चौकी के हासेमऊ गांव में पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर करीब 7 कुंतल अवैध आतिशबाजी बरामद की। कार्रवाई के दौरान संबंधित दुकानदार मौके से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, त्योहार के मद्देनजर क्षेत्र में अवैध रूप से आतिशबाजी के भंडारण की सूचना देवीपुर पुलिस को मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए सीओ राजीव सिरोही, उपजिलाधिकारी देवेंद्र सिंह, इंस्पेक्टर सतीश सिंह और देवीपुर चौकी प्रभारी अतेंद्र कुमार पुलिस बल एवं राजस्व टीम के साथ हासेमऊ गांव पहुंचे। टीम ने गांव निवासी संजय तिवारी के घर और दुकानों पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में आतिशबाजी बरामद होने से मौके पर हड़कंप मच गया। पुलिस के अनुसार बरामद आतिशबाजी करीब 7 कुंतल है। कार्रवाई की भनक लगते ही संबंधित दुकानदार मौके से फरार हो गया। पुलिस टीम ने आतिशबाजी को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। दीपावली के त्योहार को देखते हुए प्रशासन द्वारा अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री पर लगातार नजर रखी जा रही है। बड़ी मात्रा में आतिशबाजी बरामद होने के बाद क्षेत्र में अवैध पटाखा कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। प्रशासन की इस कार्रवाई से साफ है कि बिना अनुमति और सुरक्षा मानकों के आतिशबाजी का भंडारण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सीओ राजीव सिरोही ने बताया कि क्षेत्र में अवैध आतिशबाजी के भंडारण की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर छापेमारी की गई, जिसमें करीब 7 कुंतल अवैध आतिशबाजी बरामद हुई है। मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।






