संवाददाता : प्रदीप दुबे
मूसानगर। थाना क्षेत्र के आश्रम रोड स्थित वार्ड नंबर 9 सब्जी मंडी गेट पर चोरों ने दो गुमटियों के ताले काटकर नकदी समेत परचून का सामान चोरी कर लिया। घटना से दुकानदारों में हड़कंप मच गया।जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर 9 निवासी राजा राम निषाद सब्जी मंडी गेट पर पान मसाले की दुकान लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। वहीं, उनके बगल में अरुण सिंह की परचून और कोल्डड्रिंक की दुकान है। चोरों ने दोनों गुमटियों के ताले काटकर सिगरेट, पान मसाला, कोल्डड्रिंक सहित अन्य सामान पार कर दिया। इसके अलावा गुल्लक में रखी करीब तीन हजार रुपये की नकदी भी चोरी कर ली। चोरी की सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस संबंध में एसआई आशीष शुक्ला ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।






