संवाददाता : अजीत नायक
शिवली। दीपावली के मद्देनजर अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शिवली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर जवाहर नगर स्थित एक दुकान के बाहर छापेमारी कर 490 किलोग्राम अवैध पटाखे बरामद करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, 24 अक्टूबर की रात गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि जवाहर नगर में अवैध रूप से पटाखों का भंडारण कर बिक्री की जा रही है। सूचना पर थाना शिवली पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 33 गत्तों में रखे 460 किलोग्राम पटाखे तथा बिक्री के लिए खुले में रखे 30 किलोग्राम पटाखे, कुल 490 किलोग्राम अवैध पटाखे बरामद किए।
मौके से अजय कुमार (30) पुत्र अनिल कुमार गुप्ता, निवासी वार्ड नंबर 10 रामनगर, कस्बा व थाना शिवली को पुलिस हिरासत में लिया गया। बरामद पटाखों को नियमानुसार थाना परिसर में सुरक्षित स्थान पर रखवाया गया है। पुलिस के मुताबिक, बरामद पटाखों का एंटी सबोटाज टीम द्वारा परीक्षण भी किया गया।
मामले में थाना शिवली में मु0अ0सं0 359/2026, धारा 5/9बी विस्फोटक अधिनियम, 1884 के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक अमरेन्द्र बहादुर सिंह, उपनिरीक्षक अच्छेलाल, कांस्टेबल रवि कुमार, रिजर्व कांस्टेबल पुष्पेन्द्र, महिला कांस्टेबल विद्योतमा और महिला कांस्टेबल शिवानी शामिल रहीं।






