Sunday, October 25, 2026
HomeBlogटेसू-झुंझिया का धूमधाम से हुआ विवाह, ढोल-नगाड़ों के साथ निकली बारात

टेसू-झुंझिया का धूमधाम से हुआ विवाह, ढोल-नगाड़ों के साथ निकली बारात

संवाददाता प्रदीप दुबे

मूसानगर। कस्बा व देहात क्षेत्र में शनिवार देर रात ढोल-नगाड़ों के साथ टेसू की बारात धूमधाम से निकाली गई। मूसानगर के किसान मोहल्ले में मध्यरात्रि विधि-विधान से टेसू ने झुंझिया संग फेरे लिए और विवाह की रस्में संपन्न हुईं। इस दौरान बालिकाओं ने मंगलगीत गाए, जबकि बाराती बच्चे ढोल की थाप पर जमकर नाचे। कस्बे के अलग-अलग मोहल्लों सूरजपुर, भिटरिया, दिबियापुर, साहबापुर सहित आसपास के गांवों में भी शनिवार देर रात टेसू-झुंझिया का विवाह संपन्न हुआ। सुबह से ही टेसू व झुंझिया के विवाह की तैयारियां शुरू हो गई थीं। किसान मोहल्ले में झुंझिया पक्ष से शिवानी, कमल व नवल तथा टेसू पक्ष से सुजीत पाल, लक्ष्मी, गुगली, मोहित व साहिल की टोली ने टेसू को दूल्हे की तरह सजाया। देर रात टेसू को पालकी में सजा कर बैंड-बाजों के साथ धूमधाम से रजबहों व तालाबों के पास ले जाया गया। वहां बालिकाओं की टोली भी झुंझिया को दुल्हन की तरह सजाकर पहुंची। बारात के नहर व तालाब के किनारे पहुंचने के बाद टेसू और झुंझिया के विवाह की रस्म विधि-विधान और मंगलगीतों के बीच पूरी की गई। विवाह संपन्न होने के बाद टेसू व झुंझिया की प्रतिमाओं को जल में विसर्जित कर दिया गया।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments