सोशल मीडिया पर कमेंटबाजी बनी हत्या की वजह, दो आरोपी गिरफ्तार
इंस्पेक्टर शिव नारायण सिंह ने किया हत्या का खुलासा
कानपुर देहात। रसूलाबाद थाना क्षेत्र के भीतरगांव में युवक मयंक तिवारी उर्फ बंशी की हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट करने और कमेंटबाजी को लेकर हुए विवाद में आरोपियों ने युवक की हत्या की साजिश रची थी। गुरुवार को पुलिस ने दोनों आरोपियों को भीतरगांव से करौम जाने वाले मार्ग पर गांव से करीब एक किलोमीटर दूर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, भीतरगांव निवासी करीब 20 वर्षीय मयंक तिवारी उर्फ बंशी चार नवंबर को शाम पांच बजे घर से बाहर गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। अगले दिन गांव से करौम जाने वाले मार्ग के पास नाले में उसका शव मिला था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड की मदद से साक्ष्य जुटाए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाने से दम घुटने को मौत का कारण बताया गया। मामले में मृतक के पिता रामबाबू तिवारी की तहरीर पर पुलिस ने गांव के ही अंश उर्फ बड़े द्विवेदी और जितेंद्र उर्फ हग्गा के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि मृतक द्वारा अंश का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया जाता था। उसे चोर और लफंगे बाज कहे जाने को लेकर दोनों के बीच विवाद और कमेंटबाजी होती थी। इसी रंजिश में अंश ने अपने साथी जितेंद्र को दो हजार रुपये देने का लालच देकर हत्या की साजिश रची थी। पुलिस के मुताबिक, चार नवंबर को दोनों ने मिलकर मयंक की हत्या कर दी। गिरफ्तार आरोपियों में अंश उर्फ बड़े द्विवेदी (18) और जितेंद्र उर्फ हग्गा (20) निवासी भीतरगांव शामिल हैं। दोनों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक शिवनारायण सिंह, उपनिरीक्षक एवं चौकी प्रभारी केशव देव, हेड कांस्टेबल शैलेन्द्र सिंह, कांस्टेबल देवव्रत और सोनू यादव शामिल रहे।






