ब्रह्मधाम अखंड परमधाम में 34वें भक्ति योग वेदांत संत सम्मेलन का शुभारंभ, कलश यात्रा में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
साध्वी निरंजन ज्योति ने गुरु की महिमा का किया बखान, 24 नवंबर को 51 जोड़ों का होगा सामूहिक विवाह
संवाददाता : प्रदीप दुबे
मूसानगर । ब्रह्मधाम अखंड परमधाम आश्रम में मंगलवार को 34वें भक्ति योग वेदांत संत सम्मेलन का भव्य शुभारंभ हुआ। आयोजन की शुरुआत विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच निकाली गई कलश यात्रा से हुई। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यात्रा आश्रम परिसर से प्रारंभ होकर कस्बे के प्रमुख मार्ग गजनेर रोड, बालाजी धाम और बाजार होते हुए पुनः आश्रम पहुंचकर संपन्न हुई। कलश यात्रा का जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। यात्रा के मार्ग में पड़ने वाले विभिन्न मंदिरों में भी श्रद्धालुओं ने पूजन-अर्चन किया। आश्रम पहुंचने पर आचार्य सुमित तिवारी ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ कलश स्थापना कराई। इसके बाद विधिवत गणेश पूजन संपन्न हुआ। धार्मिक आयोजन के दौरान पिछड़ा वर्ग आयोग की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं महामंडलेश्वर साध्वी निरंजन ज्योति ने प्रवचन करते हुए गुरु की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जीवन में गुरु और घर के बड़े-बुजुर्गों का मार्गदर्शन बेहद जरूरी है। उनके बताए मार्ग पर चलने से व्यक्ति गलत रास्ते पर भटकने से बचता है। उन्होंने कहा कि हमेशा सत्य का साथ देना चाहिए, क्योंकि सत्य की कभी हार नहीं होती। गुरु का आशीर्वाद और मार्गदर्शन व्यक्ति के जीवन को सही दिशा प्रदान करता है। आश्रम में यह धार्मिक आयोजन गुरु महाराज अच्युतानंद शास्त्री के 34वें परिनिर्वाण दिवस के अवसर पर कराया जा रहा है। सम्मेलन के अंतर्गत श्रीमद्भागवत कथा और शतचंडी महायज्ञ का भी आयोजन किया गया है। आयोजन का समापन 24 नवंबर को होगा। इस अवसर पर आश्रम परिसर में 51 जोड़ों का सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया जाएगा। इस दौरान निजी सचिव राजेंद्र निषाद, विजय सोनी, राजीव सोनी, सुनील प्रजापति, गोविन्द गुप्ता, हेमंत त्रिपाठी, चरणजीत यादव, देवेंद्र सिंह, राजेंद्र अग्रवाल, सीओ राजीव सिरोही, थाना प्रभारी अमिता वर्मा, कस्बा इंचार्ज आनंद वीर सोलंकी सहित पुलिस बल एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।






