संवाददाता : प्रदीप दुबे
बोले- रामभक्तों पर गोली चलवाने वाले अब सनातन प्रेम का दिखावा कर रहे, सरकार सभी वर्गों के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध
मूसानगर, कानपुर देहात। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक गुरुवार को कानपुर देहात के मूसानगर स्थित अच्युत ब्रह्मधाम में आयोजित 34वें भक्ति योग वेदांत संत सम्मेलन में पहुंचे। यहां उन्होंने भागवत पीठ को नमन किया और संतों का आशीर्वाद लिया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार सभी वर्गों के उत्थान के लिए लगातार काम कर रही है। बेटियों की सुरक्षा, शिक्षा, सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता के लिए विशेष योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
उप मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि रामभक्तों पर गोली चलवाने वाले अब सनातन प्रेम का दिखावा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयासों से पूरे देश में सनातन धर्म की पताका फहरा रही है। देश और प्रदेश विकास के पथ पर आगे बढ़ रहे हैं तथा सरकार जनकल्याण, सामाजिक समरसता और हर वर्ग के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
बेटियों को तकनीकी संसाधन और रोजगार के अवसर देने पर जोर
ब्रजेश पाठक ने कहा कि सरकार बेटियों को तकनीकी संसाधन, टैबलेट और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें। प्रदेश में दलित समाज के कल्याण के लिए भी तमाम योजनाएं संचालित की जा रही हैं। सरकार का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान उप मुख्यमंत्री ने दावा किया कि प्रदेश सरकार विकास कार्यों और सभी वर्गों के हित में किए गए कार्यों के आधार पर एक बार फिर प्रचंड जनादेश हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि भारत माता को डायन कहने वाले और बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर को भूमाफिया कहने वालों को जनता माफ नहीं करेगी। उन्होंने आजम और ओवैसी का जिक्र करते हुए भी विपक्ष पर निशाना साधा।
भाजपा पदाधिकारियों ने किया स्वागत
कार्यक्रम में पहुंचने पर उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक का साध्वी एवं भाजपा पदाधिकारियों ने स्वागत किया। इस दौरान कार्यक्रम संयोजक अजीत सिंह पाल, भाजपा जिलाध्यक्ष रेनुका सचान, पूर्व विधायक विनोद कटियार सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रशासनिक अधिकारियों में प्रभारी डीएम/एसडीओ विधान जायसवाल, एडीएम प्रशासन अंकित शुक्ल, सीएमओ डॉ. जय गोविंद तथा एसपी आलोक प्रसाद उपस्थित रहे। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर मूसानगर थाना प्रभारी अमिता वर्मा पुलिस बल के साथ कार्यक्रम स्थल पर मौजूद रहीं।
—






