साध्वी निरंजन ज्योति की मौजूदगी में सात फेरे लेकर विवाह बंधन में बंधे जोड़े, गृहस्थी का सामान देकर की गई विदाई
संवाददाता : प्रदीप दुबे
मूसानगर। कस्बे में स्थित अच्युत ब्रह्म धाम अखंड परमधाम में आयोजित 34वें भक्ति योग वेदांत संत सम्मेलन के अंतर्गत श्रीमद् भागवत कथा के समापन के बाद मंगलवार को 51 कन्याओं का सामूहिक विवाह समारोह धूमधाम से संपन्न हुआ। विवाह समारोह में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य समेत कई जनप्रतिनिधियों ने पहुंचकर नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। धार्मिक और सामाजिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु व क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे। सामूहिक विवाह समारोह में 51 जोड़ों ने एक-दूसरे का हाथ थामकर जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया। विवाह मंडप में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पंडित सुमित तिवारी, योगेश तिवारी, विनय तिवारी सहित कई पुरोहितों ने विवाह की रस्में संपन्न कराईं। वर-वधुओं ने अग्नि के समक्ष सात फेरे लेकर पति-पत्नी के पवित्र बंधन में बंधकर नए जीवन की शुरुआत की। कार्यक्रम में पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष महामंडलेश्वर साध्वी निरंजन ज्योति ने सभी नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, जिलाध्यक्ष रेणुका सचान, विनोद कटियार, जालौन विधायक गौरीशंकर वर्मा, जय कुमार जैकी, ब्रज भूषण राजपूत, राहुल अग्निहोत्री, राजेंद्र सिंह चौहान, विजय सोनी, विनोद निषाद, सौरभ शुक्ला,विक्रम सिंह समेत अन्य अतिथियों ने वर-वधुओं को आशीर्वाद देकर उनके सुखमय दांपत्य जीवन की कामना की। विवाह समारोह के बाद सभी 51 नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थी बसाने के लिए अलमारी, बेड, बर्तन, गद्दा, बाल्टी, वस्त्र तथा सोने-चांदी के आभूषण सहित विभिन्न उपहार दिए गए। उपहार देकर सभी जोड़ों को सम्मानपूर्वक विदाई की गई। सामूहिक विवाह समारोह में एक साथ 51 जोड़ों के विवाह से आश्रम परिसर में उत्सव का माहौल रहा।






