संवाददाता : अजीत नायक
मूसानगर। पुलिस की वर्दी के पीछे छिपी संवेदनशीलता और मानवीय भावनाओं की झलक उस समय देखने को मिली, जब मूसानगर थाने में तैनात चौकीदार सहीद के घर बेटी का जन्म हुआ। परिवार में खुशियों का माहौल था, इसी बीच थाना प्रभारी अमिता वर्मा ने नवजात बच्ची को गोद में उठाकर दुलार किया और परिवार को बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। बेटी के जन्म की खुशी साझा करते हुए थाना प्रभारी अमिता वर्मा ने परिवार को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने नवजात को गोद में लेकर स्नेह जताया और स्वस्थ, सुखी जीवन की कामना की। थानेदार के इस आत्मीय व्यवहार से परिवार की खुशियां दोगुनी हो गईं। थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों के बीच भी खुशी का माहौल देखने को मिला। इस दौरान थाना प्रभारी का मानवीय और अपनत्व भरा व्यवहार लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा। पुलिस की जिम्मेदारियों के साथ सामाजिक संवेदनशीलता और परिवार की खुशियों में सहभागी बनने की इस पहल की सराहना की गई। इस मौके पर ड्राइवर श्यामलाल पाल, आस्था, देवेंद्र सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने कहा कि पुलिस कर्मियों की ऐसी संवेदनशील पहल समाज में सकारात्मक संदेश देती है और पुलिस-जनता के बीच विश्वास एवं आत्मीयता को मजबूत करती है।






