श्रीमद्भागवत कथा के पांचवें दिन भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का वर्णन, छप्पन भोग लगाया गया
संवाददाता : प्रदीप दुबे
मूसानगर। ब्रह्मधाम अखंड परमधाम में आयोजित 34वें भक्ति योग वेदांत संत सम्मेलन के अंतर्गत श्रीमद्भागवत कथा के पांचवें दिन कथावाचक महामंडलेश्वर साध्वी निरंजन ज्योति ने श्रद्धालुओं को भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का भावपूर्ण वर्णन सुनाया। कथा के दौरान पूतना वध और गोवर्धन लीला के प्रसंग सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो गए। कथा व्यास ने बताया कि भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के बाद कंस ने उन्हें मारने के लिए अपनी राज्य की शक्तिशाली राक्षसी पूतना को भेजा था। पूतना वेश बदलकर भगवान श्रीकृष्ण को जहरीला दूध पिलाने का प्रयास करती है, लेकिन भगवान श्रीकृष्ण उसका वध कर देते हैं। इसके बाद गोवर्धन लीला का वर्णन करते हुए उन्होंने बताया कि कार्तिक माह में ब्रजवासी भगवान इंद्र को प्रसन्न करने के लिए पूजन की तैयारी कर रहे थे। भगवान श्रीकृष्ण ने ब्रजवासियों को इंद्र की पूजा के बजाय गोवर्धन महाराज की पूजा करने के लिए प्रेरित किया। इससे क्रोधित होकर इंद्र ने ब्रज में भारी वर्षा शुरू कर दी। वर्षा से परेशान ब्रजवासियों की रक्षा के लिए भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी कनिष्ठा अंगुली पर गोवर्धन पर्वत उठाकर सभी को उसके नीचे आश्रय दिया। सात दिनों तक लगातार वर्षा करने के बाद इंद्र को अपनी भूल का एहसास हुआ और उन्होंने वर्षा बंद कर दी। गोवर्धन लीला के प्रसंग पर श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण और गोवर्धन महाराज के जयकारे लगाए। इस अवसर पर भगवान को छप्पन भोग अर्पित किया गया। कार्यक्रम में परीक्षित राजेंद्र अग्रवाल, नीरज पांडेय, सुनील प्रजापति सहित अन्य श्रद्धालु मौजूद रहे।






