संवाददाता : अजीत नायक
इटावा। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को बढ़पुरा थाना परिसर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान थाना प्रभारी कृपाल सिंह ने थाने में तैनात पुलिसकर्मियों को भारतीय संविधान की शपथ दिलाई। सभी पुलिसकर्मियों ने संविधान के प्रति निष्ठा रखते हुए देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों को बनाए रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी कृपाल सिंह ने कहा कि भारतीय संविधान देश के प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, न्याय और अधिकार प्रदान करता है। संविधान में निहित मूल्यों का सम्मान करना और उनका पालन करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। पुलिस विभाग की जिम्मेदारी है कि कानून के दायरे में रहकर निष्पक्षता, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ जनता की सेवा करे।
उन्होंने पुलिसकर्मियों को अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी से करने, कानून व्यवस्था बनाए रखने और आमजन के साथ अच्छा व्यवहार करने की अपील की। इस मौके पर उदी चौकी इंचार्ज सहित थाने के अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।






