सावन के अंतिम सोमवार को कुंडेश्वर धाम में बढ़पुरा पुलिस ने किया जलाभिषेक
संवाददाता : अजीत नायक

इटावा। सावन माह के अंतिम सोमवार के अवसर पर बढ़पुरा थाना पुलिस द्वारा प्राचीन महादेव मंदिर श्री कुंडेश्वर धाम पहुंचकर भगवान शिव का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया गया। इसके बाद थाना पुलिस ने कांवड़ से लाए गए गंगाजल से शिवलिंग का जलाभिषेक कर भगवान भोलेनाथ से क्षेत्र में सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। थाना प्रभारी बढ़पुरा कृपाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम श्री कुंडेश्वर धाम पहुंची। यहां चौकी प्रभारी उदी राजकुमार सिंह सहित पुलिसकर्मियों ने भगवान शिव की पूजा-अर्चना की। सावन के अंतिम सोमवार पर मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने भी श्रद्धापूर्वक भगवान शिव का जलाभिषेक किया। थाना प्रभारी कृपाल सिंह और चौकी प्रभारी राजकुमार सिंह ने कांवड़ में लाए गए गंगाजल से शिवलिंग पर जल चढ़ाया। इस दौरान मंदिर परिसर में भगवान शिव के जयकारे गूंजते रहे। पुलिस अधिकारियों ने श्रद्धालुओं को सावन के अंतिम सोमवार की शुभकामनाएं देते हुए धार्मिक आयोजन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग किया। श्री कुंडेश्वर धाम क्षेत्र का प्राचीन और आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है। सावन माह में यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं।
![]()





