79वें स्वतंत्रता दिवस पर सादुल्लानगर में उमड़ा देशभक्ति का सैलाब, विशाल तिरंगा यात्रा का हुआ आयोजन
*समय व्यूज संवाददाता हकीम आजाद*
सादुल्लानगर/बलरामपुर।
आजादी के अमृत महोत्सव की कड़ी में 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सादुल्लानगर की धरती देशभक्ति की गगनभेदी जयकारों से गूंज उठी। नगर में आयोजित भव्य तिरंगा यात्रा ने क्षेत्रवासियों के हृदय में मातृभूमि के प्रति प्रेम और बलिदान की अमिट छाप छोड़ दी।
कार्यक्रम के संयोजक बहरैची प्रसाद गुप्ता, रमेश चंद्र तिवारी रहे। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में रेहरा बाजार ब्लॉक प्रमुख पंकज सिंह चौहान, पूर्व ब्लॉक प्रमुख यूपी सिंह तथा वरिष्ठ समाजसेवी राम करन मिश्र उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष विष्णु गुप्ता ने की, जबकि संचालन का दायित्व महामंत्री राधेश्याम गुप्ता ने निभाया।
15 अगस्त को दोपहर 2:00 बजे, प्रचंड धूप और उमस भरी गर्मी के बावजूद सादुल्लानगर बाजार में अपार जनसैलाब तिरंगा यात्रा में उमड़ पड़ा। हर वर्ग, हर आयु के लोग हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामे, जोश और उत्साह के साथ यात्रा में शामिल हुए। भीषण गर्मी को नजरअंदाज करते हुए बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता ने सिद्ध कर दिया कि सादुल्लानगर की जनता के दिलों में देशभक्ति का ज्वार आज भी उतना ही प्रबल है।
तिरंगा यात्रा सादुल्लानगर डाक बंगले से प्रारंभ होकर सादुल्लानगर बाजार में भ्रमण करती हुई पुनः डाक बंगले पर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में हाथों में तिरंगा थामे हजारों लोग “भारत माता की जय” और “हिंदुस्तान जिंदाबाद” के नारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे। मानो सारा नगर देशभक्ति के रंग में रंग गया हो।
वरिष्ठ भाजपा नेता रमेश चंद तिवारी ने कहा कि
“तिरंगा यात्रा सिर्फ एक परंपरा नहीं बल्कि हमारे स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की अमर गाथाओं को याद करने और उनके बलिदान को नमन करने का माध्यम है। दीपचंद जायसवाल ने बताया की आज जब हम तिरंगे को हाथ में लेकर निकलते हैं, तो यह भारत माता की एकता, अखंडता और शौर्य का प्रतीक बन जाता है।”महिला मोर्चा के मंडल अध्यक्ष गुड़िया वर्मा
ने कहा कि “ऑपरेशन सिंदूर” की ऐतिहासिक सफलता और भारतीय सेना के पराक्रम को सम्मान देने के लिए भी यह तिरंगा यात्रा निकाली गई है। सेना का साहस और बलिदान हर भारतवासी के लिए गर्व का विषय है।
महामंत्री राम मूरत प्रजापति ने कहा
“तिरंगा हमारी शान है, यह हमें सदैव त्याग, बलिदान और देश के प्रति निष्ठा की याद दिलाता है।”
कार्यक्रम का संचालन कर रहे राधेश्याम गुप्ता ने सभी अतिथियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि
“तिरंगा यात्रा भारत माता की आत्मा है। यह हमें याद दिलाती है कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने अपने प्राणों की आहुति देकर हमें स्वतंत्र भारत का उपहार दिया। आज की यह यात्रा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का संदेश है।”
संवाददाता हकीम आजाद